Ranchi: ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में हो गया है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 5 जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसकी मेजबानी रांची विश्वविद्यालय कर रहा है।
इस टूर्नामेंट में देशभर के ईस्ट जोन से 52 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों की पुरुष फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। पूरे आयोजन के दौरान कुल 54 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद विजेता विश्वविद्यालय का चयन किया जाएगा।
मनोबल बढ़ेगा और खेल भावना को मजबूती मिलेगी
टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में सभी विश्वविद्यालयों के बेहतरीन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और खेल भावना को मजबूती मिलेगी।
आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं
कुलपति ने यह भी कहा कि रांची विश्वविद्यालय को इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करने पर गर्व है और खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।