Jharkhand News: पलामू व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित मुख्य भवन में उस समय अफरा तफरी मच गई जब बिजली पैनल से अचानक आग की लपटें उठती दिखीं. घटना की जानकारी मिलते ही कोर्ट में मौजूद कर्मियों और आम लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए कामकाज प्रभावित हो गया.
फायर सेफ्टी के छोटे अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू
बताया जा रहा है कि आग लगते ही न्यायालय परिसर में मौजूद कर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए फायर सेफ्टी के छोटे अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी. साथ ही अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया. समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से किसी बड़े नुकसान की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई और एक गंभीर हादसा टल गया.
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल स्थिति सामान्य है और मामले की तकनीकी जांच की जा रही है.
आग की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
न्यायालय जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थान पर आग की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. हालांकि कर्मियों की तत्परता और दमकल विभाग की समय पर कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया. यह घटना सार्वजनिक भवनों में विद्युत सुरक्षा और नियमित तकनीकी जांच की जरूरत को फिर से रेखांकित करती है.