Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो फ्लाइओवर के नीचे बनाए जा रहे नए नाले की संरचना पर गंभीर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि नाले की मौजूदा गहराई और चौड़ाई अपर्याप्त है, जिससे बरसात के मौसम में जलनिकासी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि नाले का आकार नहीं बढ़ाया गया, तो क्षेत्र में जलजमाव की समस्या बनी रहेगी।
विधायक सरयू राय स्वयं मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे
मंगलवार को स्थानीय लोगों से मिली शिकायत के बाद विधायक सरयू राय स्वयं मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे। लोगों ने उन्हें बताया कि निर्माणाधीन नाला काफी संकरा और उथला है, जिससे बारिश का पानी सुचारू रूप से बाहर नहीं निकल पाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता और अन्य अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
सरयू राय ने अधिकारियों को बताया कि न्यू पुरुलिया रोड, कालिका नगर सहित आसपास के कई इलाकों का पानी पहले से बने नालों के माध्यम से इसी रास्ते से होकर निकलता है। देशबंधु लाइन मोहल्ला इन इलाकों के बीच स्थित है, जहां हर वर्ष बारिश के दौरान घुटनों तक पानी भर जाता है और कई घरों में पानी घुस जाता है। उन्होंने कहा कि फ्लाइओवर निर्माण के कारण पुराने जलनिकासी मार्ग में बाधा आई है, इसलिए आवश्यक है कि फ्लाइओवर के नीचे से पानी को नए नाले के जरिए नदी तक पहुंचाया जाए।
विधायक ने अभियंताओं को निर्देश दिया कि देशबंधु लाइन क्षेत्र का वाटर लेवल मापा जाए, पूरे कैचमेंट एरिया का आकलन किया जाए और यह देखा जाए कि किन-किन इलाकों का पानी यहां आकर जमा होता है। साथ ही उन्होंने पिछले वर्षों की अधिकतम वर्षा के आंकड़ों को भी ध्यान में रखने को कहा। नाले के दोनों सिरों का जलस्तर मापकर यह सुनिश्चित करने की बात कही गई कि नया नाला पूरे पानी को समाहित करने में सक्षम हो।
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने विधायक की चिंताओं से सहमति जताई और आश्वासन दिया कि अगले दो-तीन दिनों में सभी तकनीकी आंकड़ों का विश्लेषण कर नाले की गहराई और चौड़ाई बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा।
इस दौरान पथ निर्माण विभाग के सहायक लोग मौजूद
इस दौरान पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार, कनीय अभियंता जिया उल हक, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अशोक चौहान, पिंटू सिंह, संतोष भगत, मुकेश सिंह, सुजीत कुमार, विनोद सिंह, धनोज सिंह, टुनटुन कुमार सहित स्थानीय निवासी माना महापात्र, मोनी कुमारी, रेखा शाह, माला देवी और रूपा देवी भी मौजूद थीं।