Dhanbad Crime News: धनबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. तेतुलमारी थाना क्षेत्र के नगरीकला गांव में मंगलवार की शाम एक युवक ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं. मामूली विवाद के दौरान युवक ने अपनी 102 साल की परदादी को उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को किया गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी युवक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. मृतका की पहचान टुकिया देवी के रूप में हुई है. इस मामले में मृतका की बहू दासी रवानी के लिखित आवेदन पर तेतुलमारी थाना में आरोपी रवि रवानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
दासी रवानी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रवि रवानी का व्यवहार पहले से ही हिंसक था और वह अक्सर घर में झगड़ा और मारपीट करता रहता था. मंगलवार की शाम भी किसी बात को लेकर उसकी परदादी से कहासुनी हो रही थी. इसी दौरान रवि ने घर का दरवाजा बंद कर दिया और अपनी वृद्ध परदादी को उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया. घटना के बाद टुकिया देवी अचेत हो गईं.
आरोपी इसके बाद दरवाजा खोलकर आंगन में बैठ गया. घटना की जानकारी पंचायत के मुखिया को दी गई. परिजन वृद्धा को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है.
जिस उम्र में बुजुर्ग सम्मान और संरक्षण के हकदार होते हैं, उसी उम्र में उनके साथ बर्बरता
यह घटना केवल एक पारिवारिक अपराध नहीं बल्कि समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और पारिवारिक मूल्यों के टूटने का गंभीर संकेत है. जिस उम्र में बुजुर्ग सम्मान और संरक्षण के हकदार होते हैं, उसी उम्र में उनके साथ इस तरह की बर्बरता कानून व्यवस्था और सामाजिक चेतना दोनों पर सवाल खड़े करती है. यह मामला बताता है कि घरेलू हिंसा को हल्के में लेने की कीमत कितनी भयावह हो सकती है.