Potka News: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका अंचल में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है. जिला प्रशासन के निर्देश पर अंचलाधिकारी निकिता बाला ने बुधवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाया. जानकारी के अनुसार, अवैध खनन और बालू ढुलाई की शिकायत मिलने के बाद अंचलाधिकारी ने अंचल कार्यालय की टीम के साथ बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 220 पर जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान हल्दीपोखर के पास एक बालू लदा हाईवा (नंबर: JH05AD/6872) को रोका गया.
कागजात नहीं दिखा सका चालक
जांच के दौरान जब वाहन चालक से बालू परिवहन से संबंधित आवश्यक कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद अंचलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाईवा को जब्त कर लिया, जिसके बाद जब्त किए गए बालू लदे हाईवा को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कोवाली थाना पुलिस को सौंप दिया गया है और साथ ही खनन विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए लिखित सूचना दी गई.
अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
इस छापेमारी के बाद क्षेत्र में अवैध खनन और बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. अंचलाधिकारी निकिता बाला ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन के आदेशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रशासन की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि अवैध खनन और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.