Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-08

Jharkhand News:पाकुड़ में पुलिस की बड़ी लापरवाही,हत्या के दो दोषी कोर्ट परिसर से फरार

Jharkhand News: झारखंड के पाकुड़ जिले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है. जिला न्यायालय परिसर से हत्या के मामले में दोषी करार दिए गए चार आरोपियों में से दो आरोपी फरार हो गए.यह घटना बुधवार को हुई, जब अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही थी.

यह मामला अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के अंबाडीहा गांव का है, जहां वर्ष 2019 में जमीन विवाद को लेकर भोलानाथ महली की हत्या कर दी गई थी.इस मामले की सुनवाई एडीजे प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद की अदालत में चल रही थी.बुधवार को कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों शिवधन महली, काद मोहली उर्फ वकील मोहली, सनीलाल महली और नरेन महली को हत्या का दोषी ठहराया.

दोषी घोषित किए जाने के बाद चारों आरोपियों को जेल भेजने के लिए कोर्ट हाजत में रखा गया था.इस दौरान वे एएसआई हिरेंद्र नाथ मंडल की निगरानी में थे.तभी नरेन महली और शिवधन महली शौच जाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए.

दो आरोपियों के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.तुरंत पुलिस की कई टीमें गठित कर फरार दोषियों की तलाश शुरू की गई. हालांकि अब तक दोनों आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

इस मामले पर पाकुड़ की एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि फरार दोषियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.साथ ही कोर्ट हाजत प्रभारी से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है.रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फरार दोषियों पर दर्ज होगा नया मामला

कोर्ट परिसर से फरार हुए शिवधन महली और नरेन महली के खिलाफ अलग से मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है. नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बबलू कुमार ने बताया कि हाजत प्रभारी या संबंधित पुलिसकर्मी की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद दोनों के खिलाफ नया केस दर्ज किया जाएगा. फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता दोनों दोषियों की गिरफ्तारी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !