Jamshedpur: जमशेदपुर के कोऑपरेटिव कॉलेज मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से आयोजित दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हो गया है। उद्घाटन सत्र में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर टूर्नामेंट की औपचारिक शुरुआत की।
6-6 ओवर के होंगे मुकाबले
इस टूर्नामेंट में झामुमो के नेता और कार्यकर्ता राजनीति से इतर खेल के मैदान में एक-दूसरे के साथ मुकाबला करते नजर आ रहे हैं। टूर्नामेंट टेनिस बॉल से खेला जा रहा है, जिसमें 6-6 ओवर के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। खास बात यह है कि इस टूर्नामेंट में मंत्री, सांसद और विधायक भी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
वर्ष 2025 झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए कष्टदायक रहा
उद्घाटन के अवसर पर सुप्रियो भट्टाचार्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और स्वयं बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए बहुत कष्टदायक रहा है, क्योंकि इस दौरान पार्टी ने अपने सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन और पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन को खोया। इसके बावजूद राज्य सरकार गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
असली जीत क्रिकेट और झारखंड मुक्ति मोर्चा की
उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जब भी धरातल पर उतरते हैं, जनसेवा को प्राथमिकता देते हैं। व्यस्त राजनीतिक जीवन से समय निकालकर खेल के माध्यम से संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। इस क्रिकेट टूर्नामेंट में भले ही जीत किसी एक टीम की हो, लेकिन असली जीत क्रिकेट और झारखंड मुक्ति मोर्चा की होगी।