Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो गोलचक्कर के समीप शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार चेचिस वाहन ने बाइक सवार दंपति को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पति लाला विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं उनकी पत्नी नीलम शर्मा ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे का खौफनाक मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में चेचिस वाहन इतनी रफ्तार में था कि उसने बाइक को टक्कर मारने के बाद दंपति को करीब 100 मीटर तक घसीटा। मानगो विश्वकर्मा कॉलोनी के रहने वाले लाला विश्वकर्मा पेशे से LIC एजेंट थे। वे अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे, तभी मौत बनकर आई चेचिस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, वहां पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम न होना प्रशासन की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर हंगामा किया, जिसे बाद में सीतारामडेरा थाना पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात सामान्य किया।
मासूम बच्चों के सिर से उठा साया
इस भीषण दुर्घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। लाला विश्वकर्मा और नीलम शर्मा के पीछे उनके दो बच्चे अकेले रह गए हैं। LIC का काम कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लाला के जाने से बच्चों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
प्रशासन आम जनता के लिए एक अपील
सड़क सुरक्षा सिर्फ नियम नहीं, जीवन है, हम प्रशासन और शहरवासियों से पुरजोर अपील करते हैं, भारी वाहनों और चेचिस की रफ्तार पर शहर के भीतर कड़ाई से नियंत्रण किया जाए। नो-एंट्री के नियमों का पालन सुनिश्चित हो। आपकी थोड़ी सी जल्दबाजी किसी का पूरा संसार उजाड़ सकती है। कृपया रिहायशी इलाकों में गति सीमा का ध्यान रखें। सड़क पर हमेशा हेलमेट पहनें और सतर्क रहें। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और शोक संतप्त बच्चों को यह भारी दुख सहने की शक्ति दे।