Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड का असर लगातार बना हुआ है. कांके और मैक्लुस्कीगंज में ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मैक्लुस्कीगंज में बीते तीन चार दिनों से तापमान लगातार माइनस में दर्ज किया जा रहा है. कड़ाके की ठंड के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है और जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा है. सुबह के समय आम लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.
शाम ढलते ही बाजारों में सन्नाटा
ठंड का असर शाम के समय और ज्यादा देखने को मिल रहा है. बाजारों में जल्दी सन्नाटा पसर जा रहा है. लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मैक्लुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. गुमला में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस, कांके में 4.2 डिग्री सेल्सियस और रांची में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 12, 13, 14 और 15 जनवरी के दौरान राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्सों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के अलावा रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, कोडरमा, लोहरदगा और धनबाद में शीतलहर की संभावना बनी रहेगी. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है.
कोहरे और कनकनी से बढ़ी परेशानी
ठंड के साथ कोहरे और कनकनी का असर भी लगातार देखा जा रहा है. सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहता है. जिले के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
दो दिनों बाद और गिरेगा पारा
पिछले 24 घंटे में राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहा. कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया. चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मैक्लुस्कीगंज में माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रहा. रांची का अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विज्ञानी के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद 14, 15 और 16 जनवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है जिससे ठंड और बढ़ेगी.
अगले चार दिन राजधानी का तापमान
12 जनवरी को अधिकतम 22 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 13 जनवरी को अधिकतम 22 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 14 और 15 जनवरी को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है.
कांके में दिन में हल्की राहत, सुबह-शाम ठंड कायम
बीते 24 घंटे में कांके प्रखंड क्षेत्र में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा. दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली और बाजारों में चहल पहल नजर आई. सुबह और देर शाम ठंड का असर बना रहा.
ठंड का असर अभी और बढ़ सकता है
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान क्षेत्र में वर्षा नहीं हुई. हवा की रफ्तार 1.1 किलोमीटर प्रति घंटा रही जिससे ठंड का असर पहले की तुलना में कम महसूस किया गया. राज्य में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर की चेतावनी से साफ है कि ठंड का असर अभी और बढ़ सकता है. खासकर मैक्लुस्कीगंज और आसपास के इलाकों में माइनस तापमान चिंता का विषय बना हुआ है. मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आम लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.