Palamu: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा डालटनगंज-पांकी मुख्य मार्ग पर कोनवाई गांव के पिपरा मोड़ के पास हुआ।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांकी के नुरू गांव निवासी भरत साव और ब्यास यादव मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, स्कॉर्पियो में सवार चार अन्य लोग भी इस हादसे में जख्मी हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर सभी को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) रेफर किया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने भरत साव और ब्यास यादव को मृत घोषित कर दिया।
गांव में मातम का माहौल
इस हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है।
वाहन में संचार कंपनी से जुड़े लोग सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सरकारी क्षेत्र की एक संचार कंपनी से जुड़े लोग सवार थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।