Chakradharpur News: चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों के लगातार विलंब से परेशान यात्रियों का गुस्सा अब सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ गया है. झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक बड़ा अभियान चलाया गया, जिसमें #LateDivisionCKP हैशटैग के साथ हजारों लोगों ने अपनी आवाज बुलंद की.
ट्रेनों की समय-सारिणी और घंटों की देरी
इस ऑनलाइन अभियान में कोल्हान क्षेत्र के आम नागरिकों, नियमित रेल यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों के परिजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. यात्रियों ने ट्वीट कर बताया कि ट्रेनों की अनियमित समय-सारिणी और घंटों की देरी से उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. कई लोगों को दफ्तर, कॉलेज और जरूरी इलाज के लिए समय पर पहुंचने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
रेल मंत्रालय के साथ साथ प्रधामंत्री तक को लिया गया टैग
अभियान के दौरान रेल मंत्रालय, रेल मंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय और संबंधित जनप्रतिनिधियों को टैग कर चक्रधरपुर रेल मंडल की खराब परिचालन व्यवस्था पर ध्यान दिलाने की कोशिश की गई. यात्रियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने लोगों की समस्यायों को देखते हुए मांग की है कि चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों के संचालन को दुरुस्त किया जाए, समय पर परिचालन सुनिश्चित हो और यात्रियों की सुविधाओं में तत्काल सुधार किया जाए. एसोसिएशन ने यह भी साफ किया है कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यात्रियों के हित में यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.