Seraikela News: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमड़ी गांव की रहने वाली पूजा महतो को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिली है. यह मदद ईचागढ़ विधायक सविता महतो के प्रयास से झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान की गई है.
जानकारी के अनुसार, पूजा महतो काफी समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनका समुचित इलाज कराना मुश्किल हो गया था. इस समस्या की जानकारी मिलने पर परिजनों ने विधायक सविता महतो से संपर्क कर सहायता की गुहार लगाई.
75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा. विधायक के पत्र पर संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने पूजा महतो के इलाज के लिए 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की. यह राशि भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से चेक के जरिए प्रदान की गई.
आर्थिक सहायता मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक सविता महतो के प्रति आभार जताया. परिवार का कहना है कि इस सहयोग से इलाज में काफी राहत मिलेगी.
वहीं झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष जरूरतमंद और असहाय लोगों के लिए बड़ी मदद साबित हो रहा है. इस संबंध में जानकारी झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने दी.