फरवरी में हो सकते हैं निकाय चुनाव
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संकेत दिया कि राज्य में 27 से 28 जनवरी के बीच नगर निकाय चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू की जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा फरवरी माह के भीतर ही चुनाव की पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराने की है।
मुख्यमंत्री ने कहा दलीय आधार पर नहीं, फिर भी तैयारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हालांकि निकाय चुनाव आधिकारिक तौर पर दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि चुनाव लड़ने वाला हर प्रत्याशी किसी न किसी राजनीतिक दल से जुड़ा होता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, झामुमो को अपनी जमीनी पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
वार्ड कमेटियों के विस्तार और प्रत्याशियों के चयन पर जोर
मुख्यमंत्री ने पार्टी के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे वार्ड कमेटियों के विस्तार के काम में तेजी लाएं। साथ ही, योग्य और मजबूत प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को भी जल्द से जल्द अंतिम रूप देने को कहा गया है, ताकि अधिसूचना जारी होते ही पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर सके।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक का संचालन झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने किया। इस उच्च स्तरीय बैठक में सुप्रियो भट्टाचार्य, अभिषेक प्रसाद पिंटू, पवन जेडीया, अश्विनी शर्मा, अंतु तिर्की और मुश्ताक आलम समेत रांची जिला और महानगर के कई प्रमुख नेता एवं वार्ड कमेटियों के अध्यक्ष-सचिव उपस्थित रहे।