Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-13

Giridih Accident: गिरिडीह में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का तांडव, राहगीर और मासूम को कुचला, कई बाइकें व दुकान क्षतिग्रस्त

Giridih: गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना अंतर्गत सोमवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बिशनपुर से लेकर पचम्बा बाजार तक आतंक मचा दिया। धनबाद की ओर से आ रही इस स्कॉर्पियो ने पहले बिशनपुर के पास एक राहगीर को जोरदार टक्कर मारी और बिना रुके फरार हो गई। इसके बाद पचम्बा बाजार पहुंचते ही वाहन ने एक मासूम बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल

हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

कई मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे। बिशनपुर में दुर्घटना के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय और तेज गति से गाड़ी दौड़ाई, जिससे बाजार क्षेत्र में दूसरी बड़ी दुर्घटना हो गई। अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे खड़ी कई मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया और अंततः एक दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा।

क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। व्यापारियों का कहना है कि यदि घटना के समय दुकानों के सामने ग्राहक मौजूद होते, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।

थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है, जिसकी पहचान खरगडीहा निवासी के रूप में हुई है। वाहन में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं, जिन्हें बाद में दूसरी गाड़ी से धनबाद भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !