Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-13

Jamshedpur News: भुइयांडीह गोलचक्कर हादसा में दंपति की मौत मामले में फरार ट्रक चालक गिरफ्तार, चेसिस भी जब्त

Jamshedpur: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह गोलचक्कर पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक (चेसिस) चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कैलाश चावला उर्फ पप्पू के रूप में हुई है, जो गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रिफ्यूटी कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने घटना के बाद फरार हुए ट्रक को भी बरामद कर लिया है। आरोपी चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।

हादसे की पूरी जानकारी 

बता दें कि यह  दर्दनाक हादसा 10 जनवरी को भुइयांडीह गोलचक्कर के पास हुआ था, जब बाइक पर सवार पति-पत्नी एक तेज रफ्तार चेसिस की चपेट में आ गए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति लाला विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नीलम कुमारी शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। नीलम देवी को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दूसरे दिन दम तोड़ दिया। मृतक दंपति मानगो टैंक रोड स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी के रहने वाले थे।

लाला विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद नीलम देवी को चेसिस ने काफी दूर तक उछाल दिया था, जबकि चालक भागने की कोशिश में बाइक सवार लाला विश्वकर्मा को करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। इसी दौरान अत्यधिक चोट लगने से लाला विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग सन्न रह गए।

बच्चे हुए अनाथ 

इस हादसे ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया है। माता-पिता की असमय मौत के बाद उनके घर में दो मासूम बच्चे (उम्र 10 और 12 वर्ष) रह गए हैं, जो अब पूरी तरह अनाथ हो चुके हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया था, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।



WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !