Dhanbad News: धनबाद जिले के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत मोदीडीह गांव की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अन्नू कुमारी को एक बार फिर डुमरी विधायक जयराम महतो ने अपने निजी वेतन से आर्थिक सहायता दी है. विधायक ने यह सहयोग अन्नू के इलाज और खेल से जुड़ी जरूरी सामग्री खरीदने के लिए किया है.
अन्नू कुमारी ने वर्ष 2024 में चीन में आयोजित विश्व लेज़र रन/पेंटाथलॉन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश और झारखंड का नाम रोशन किया था. इसके अलावा 38वें नेशनल गेम्स में भी उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया है.
राज्य सरकार से पांच लाख रुपये सिर्फ आश्वासन
अन्नू का कहना है कि राज्य सरकार ने उन्हें पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और खेल कोटे से सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई सहायता नहीं मिली. खेल मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया.
वर्तमान में अन्नू पैर में गंभीर चोट के कारण खेल से दूर हैं. बेहतर इलाज के लिए वह 16 जनवरी को दिल्ली जा रही हैं. आर्थिक तंगी के कारण इलाज और अभ्यास में परेशानी आ रही थी, जिसके बाद उन्होंने विधायक जयराम महतो से संपर्क किया.
जयराम महतो ने किया मदद
विधायक ने बताया कि जैसे ही अन्नू ने मदद मांगी, बिना किसी देरी के उन्होंने अपने निजी वेतन से आर्थिक सहयोग किया. उन्होंने कहा कि अन्नू झारखंड और देश की शान है और ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मदद करके आत्मसंतोष मिलता है. भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर वे एक भाई की तरह उसके साथ खड़े रहेंगे.
जयराम महतो ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी खिलाड़ी का सपना टूटना नहीं चाहिए. हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को उनका मुकाम मिले और खेल जगत में झारखंड की पहचान और मजबूत हो.