Jamshedpur News: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मिले युवक के शव मामले में अब पुलिस को जानकारी हाथ लगी है. रामकृष्ण मिशन लेडी इंद्रा इंग्लिश स्कूल के पीछे क्वॉटर के पास बरामद शव की पहचान कर ली गई है. मृतक की पहचान गोविंदपुर चांदनी चौक निवासी अजय श्रीवास्तव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार अजय श्रीवास्तव का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी आर्म्स एक्ट और ब्राउन शुगर से जुड़े मामलों में जेल जा चुका था.
गला रेतकर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस पहले ही इस बात की आशंका जता चुकी है कि युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है. मृतक के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं. घटनास्थल पर शव बरामद हुआ है वहां खून के धब्बे भी पाए गए हैं.
सीसीटीवी और पुराने कनेक्शन खंगाल रही पुलिस
टेल्को थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही मृतक के आपराधिक बैकग्राउंड को ध्यान में रखते हुए पुराने विवादों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है. सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही हत्या के पीछे की वजह सामने लाई जाएगी.
हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी?
पहले अज्ञात बताई जा रही लाश की पहचान होने के बाद अब जांच की दिशा साफ होती दिख रही है. मृतक का आपराधिक इतिहास मामले को और संवेदनशील बना रहा है. पुलिस के लिए यह चुनौती है कि हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी है या किसी नए विवाद का नतीजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों से इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है.