Seraikela News: झारखंड का प्रसिद्ध मकर पर्व जिसे टुसू पर्व के नाम से जाना जाता है 14 जनवरी से पूरे राज्य में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. इस अवसर पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जगह जगह मेलों का आयोजन किया गया है. मेलों में खेल कूद सांस्कृतिक कार्यक्रम लोकनृत्य और परंपरागत आयोजनों के साथ साथ मुर्गा लड़ाई जैसे आयोजन भी देखने को मिल रहे हैं.
हालांकि पर्व की आड़ में कई स्थानों पर अवैध गतिविधियां भी खुलेआम संचालित हो रही हैं. ताजा मामला सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकीदौह गांव का है जहां टुसू पर्व के अवसर पर लगे मेले में हब्बा डब्बा का जुआ धड़ल्ले से खेला जा रहा है. बताया जा रहा है कि इस खेल में दूर दराज से आए मेला देखने वाले लोग जल्दी पैसा कमाने की लालच में हजारों रुपये दांव पर लगा रहे हैं और भारी नुकसान झेल रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चंद पैसों की खातिर मेला कमेटी के संरक्षण में यह जुआ खेल चल रहा है जिसमें मेहनत की कमाई लुटाई जा रही है. छह रंगों के गोटी के सहारे खेले जाने वाले इस खेल में अधिकतर लोग ठगे जा रहे हैं लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है.
टुसू जैसे सांस्कृतिक और लोक आस्था से जुड़े पर्व में इस तरह के अवैध जुए का संचालन न केवल सामाजिक बुराई को बढ़ावा दे रहा है बल्कि युवाओं और गरीब तबके को आर्थिक नुकसान भी पहुंचा रहा है. अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले पर कब संज्ञान लेता है और मेले की पवित्रता बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं.