Gumla Accident News: गुमला रांची मुख्य मार्ग पर गुरुवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई जिंदगियां छीन लीं. भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि पिकअप में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
तिलकुट लेकर गुमला जा रहे थे रांची के व्यवसायी
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में रांची के रहने वाले तिलकुट व्यवसायी सवार थे. सभी लोग तिलकुट लोड कर रांची से गुमला की ओर जा रहे थे. जैसे ही वाहन भड़गांव के पास पहुंचा पीछे से आ रहे अनियंत्रित हाईवा ने पिकअप में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मौके पर ही चार की मौत, मलबे में फंसे दो को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया. तब तक पिकअप पर सवार चार लोगों की मौत हो चुकी थी. वहीं दो लोग वाहन के मलबे में फंसे हुए थे जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस ने शव भेजे पोस्टमार्टम को, जांच में जुटी
सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर करने की तैयारी की जा रही है. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही
गुमला रांची मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही की ओर इशारा कर रही हैं. इस हादसे में एक ही परिवार और कारोबार से जुड़े लोगों की जान जाना प्रशासन और परिवहन व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है. सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त पालन और निगरानी के बिना ऐसे हादसों पर रोक लगाना मुश्किल नजर आता है.