Jamshedpur: टुसू एवं मकर संक्रांति पर्व की पूर्व संध्या पर जमशेदपुर की सामाजिक संस्था अंत्योदय – Rearing The Rare द्वारा मुसाबनी प्रखंड के अंतर्गत पंचायत स्थित जोबला सबर बस्ती में जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच नए वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साड़ियाँ, बुजुर्गों को धोती, गमछा एवं टी-शर्ट, बच्चों को पैंट-टीशर्ट तथा नवजात शिशुओं के लिए कपड़े, बेबी ऑयल, पाउडर और बेबी सोप प्रदान किए गए। इसके साथ ही मकर संक्रांति के अवसर पर ग्रामीणों के साथ चूड़ा, मुरही के लड्डू, तिलकुट जैसी पारंपरिक सामग्रियाँ भी साझा की गईं।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक आशुतोष सिन्हा ने कहा कि टुसू और मकर संक्रांति झारखंड के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पर्व हैं। संस्था का उद्देश्य है कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले जोबला सबर टोली के वंचित परिवार भी इन पर्वों को पारंपरिक उल्लास और सम्मान के साथ मना सकें।
नए परिधान एवं सामग्री पाकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। आशुतोष सिन्हा ने आगे कहा कि संस्था भविष्य में भी जोबला सबर बस्ती के सुख-दुख में निरंतर सहयोग करती रहेगी।
कार्यक्रम में संस्था के सदस्य हरिओम, सोनू, सुखलाल, अभिषेक, मलय और कृष्णा उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया।