Jamshedpur: झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराध ग्राफ को लेकर जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि राज्य में अपराधियों का बोलबाला है और आम जनता भय के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि राज्य की राजधानी रांची से लेकर जमशेदपुर तक दिनदहाड़े हत्या, अपहरण और लूट की घटनाएँ हो रही हैं, जिससे जनता में आक्रोश है।
अपराधियों के हौसले बुलंद
सांसद महतो ने कहा कि जमशेदपुर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी क्षेत्र से युवा उद्यमी कैरव गांधी का बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया जाना इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि बिष्टुपुर और सोनारी में हुई सशस्त्र लूट की घटनाएँ और शहर में फैलता ड्रग्स तथा अवैध शराब का काला कारोबार पुलिस की विफलता को दर्शाता है।
सरकार की संवेदनहीनता
सांसद महतो ने सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जीत महतो की पुलिस हिरासत में संदिग्ध मृत्यु और भाजपा नेता तारा पदो महतो की सरेआम हत्या के बावजूद दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य में कानून का शासन नहीं, बल्कि अपराधियों का बोलबाला है।
आर-पार के संघर्ष का ऐलान
सांसद ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से दो टूक मांग की है कि कैरव गांधी की सकुशल वापसी हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार जनता को सुरक्षा देने में सक्षम नहीं है, उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई और अपराध पर अंकुश नहीं लगा, तो वे इस जंगलराज के खिलाफ सड़कों पर उतरकर उग्र संघर्ष करेंगे।