Jamshedpur: (राकेश कुमार झा बनाम झारखंड राज्य) वाद में 14 जनवरी 2026 को झारखंड उच्च न्यायालय, रांची द्वारा पारित आदेश के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला दण्डाधिकारी उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, उप नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति सह अपर नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम कृष्ण कुमार, प्रभारी पदाधिकारी विधि शाखा चंद्रजीत सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में 24 भवनों में नक्शा विचलन की जांच हेतु मापी कराने के लिए चार सदस्यीय चार अलग-अलग दलों का गठन किया गया। गठित दलों को निर्देश दिया गया कि वे तीन दिनों के भीतर नक्शा विचलन से संबंधित मापी प्रतिवेदन उप नगर आयुक्त, जेएनएसी को समर्पित करें।
इसके साथ ही संबंधित भवन स्वामियों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं नक्शा विचलन वाले हिस्से को तोड़ने अथवा खाली करने का अवसर दिया गया है। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 एवं बिल्डिंग बायलॉज एक्ट, 2016 की सुसंगत धाराओं के तहत नक्शा विचलन किए गए हिस्सों को दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की उपस्थिति में ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।