Jharkhand: आनंद विहार से पुरी जाने वाली नंदन कानन एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा के दौरान एक शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। जहां ट्रेन से एक 10 महीने के मासूम बच्चे के अपहरण का मामला दर्ज कराया गया है। यह घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। पीड़ित महिला ने मीरजापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान जीआरपी थाने में शिकायत देकर न्याय की मांग की है।
महिला को जाना था माइका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जिले के कोअरचि थाना क्षेत्र स्थित धोरा गांव की रहने वाली मुन्नी अंसारी अपने 10 माह के बच्चे के साथ अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से यात्रा पर निकली थीं। उन्हें कोडरमा के रास्ते झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पीहरा गांव, अपने मायके जाना था।
एक अनजान युवक महिला के साथ जनरल कोच में हुआ सवार
रेलवे स्टेशन परिसर में उनकी मुलाकात एक अज्ञात युवक से हुई, जिसने हरे रंग का स्वेटर पहन रखा था। युवक ने महिला से बातचीत के दौरान खुद को गया तक जाने वाला यात्री बताया। जब ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, तो वही युवक महिला के साथ जनरल कोच में सवार हो गया।
अज्ञात युवक में महिला को दिया लड्डू खाने
महिला के अनुसार, दोपहर करीब 1:15 बजे चलती ट्रेन में युवक ने उन्हें लड्डू खाने के लिए दिए। लड्डू खाने के कुछ ही समय बाद महिला अचेत हो गई। प्रयागराज स्टेशन पार करने के बाद जब उन्हें होश आया, तो उनका बच्चा पास में मौजूद नहीं था।
अज्ञात युवक ने किसी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद उतर गया
महिला द्वारा पूछताछ करने पर सहयात्रियों ने बताया कि वही युवक किसी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान बच्चे को लेकर उतर गया था। हालांकि, वह किस स्टेशन पर उतरा, इसकी जानकारी किसी भी यात्री को नहीं हो सकी।
महिला का रो-रो कर हुआ बुरा हाल
घटना के बाद महिला कोच में फूट-फूटकर रोने लगी। इसी दौरान एक यात्री ने रेल मदद एप के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर 139 पर घटना की सूचना दी। मामले में जीआरपी के एसआई अखिलेश राय ने बताया कि महिला को लिखित तहरीर देने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत प्राप्त होते ही मामले की जांच शुरू कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।