Jamshedpur News: शहर में बढ़ते अपराध और रात्रि गश्ती की वास्तविक स्थिति जानने के लिए गुरुवार देर रात एसएसपी पीयूष पांडेय खुद शहरी इलाकों में निकले. निरीक्षण के दौरान पुलिस व्यवस्था की कई परतें खुलती चली गईं. एसएसपी को अलग-अलग स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी छोड़कर सोते हुए मिले, जिसे उन्होंने गंभीर अनुशासनहीनता माना.
मरीन ड्राइव और स्टेशन चौक पर खुली लापरवाही
निरीक्षण के क्रम में मरीन ड्राइव पर तैनात पीसीआर 11 में पदस्थापित एएसआई रौशन गुड़िया, हवलदार नदलाल मुंडा और चालक हरेंद्र कुमार वाहन खड़ा कर सोते हुए पाए गए. वहीं स्टेशन चौक पर पीसीआर 9 में तैनात एएसआई संजय इंदुवार भी ड्यूटी के दौरान नींद में मिले. मौके पर मौजूद एसएसपी ने तत्काल इनकी ड्यूटी स्थिति की जांच की और कड़ी नाराजगी जताई.
जुगसलाई गश्ती वाहन में भी वही हाल
एसएसपी के निरीक्षण से जुगसलाई थाना क्षेत्र भी नहीं बच सका. वहां गश्ती वाहन में तैनात दरोगा तिर्की और हवलदार कृष्णा रजक को भी सोते हुए पाया गया. रात्रि ड्यूटी के दौरान इस तरह की लापरवाही को एसएसपी ने सीधे तौर पर जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करार दिया.
तत्काल कार्रवाई, सभी लाइन क्लोज
एसएसपी पीयूष पांडेय ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए एएसआई रौशन गुड़िया, एएसआई संजय इंदुवार, हवलदार नदलाल मुंडा, हवलदार कृष्णा रजक, दरोगा तिर्की को निलंबित कर लाइन क्लोज कर दिया. वहीं होमगार्ड चालक हरेंद्र कुमार को विभाग से क्लोज कर दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
बढ़ते अपराध के बीच सख्ती का संदेश
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में शहर में रात्रि अपराधों में तेजी आई है. टेल्को थाना क्षेत्र में हाल ही में दो हत्याओं की घटनाएं सामने आई हैं. इसके अलावा विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदातें भी बढ़ी हैं. ऐसे माहौल में रात्रि गश्ती पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही को एसएसपी ने बेहद गंभीर माना है.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एसएसपी का यह औचक निरीक्षण साफ संकेत देता है कि जिले में अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बढ़ते अपराध के बीच सख्त अनुशासन और जवाबदेही तय करने की यह कार्रवाई पुलिसकर्मियों के लिए चेतावनी मानी जा रही है. साथ ही यह संदेश भी गया है कि रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शीर्ष स्तर पर निगरानी लगातार जारी रहेगी.