Jharkhand: झारखंड के गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीग्राम के समीप एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां अज्ञात अपराधियों ने बिहार के सासाराम में पदस्थापित न्यायिक दंडाधिकारी संतोष कुमार साह की पत्नी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला की पहचान वंदना कुमारी के रूप में हुई है।
अपराधियों ने की अंधाधुंध फायरिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वंदना कुमारी गांधीग्राम के पास से गुजर रही थीं, इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में उन्हें करीब तीन गोलियां लगीं। गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई।
महिला की हालत चिंताजनक
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पथरगामा में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। हालांकि उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस मामले की छानबीन की शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पथरगामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। चूंकि यह मामला एक न्यायिक अधिकारी के परिवार से संबंधित है, इसलिए पुलिस प्रशासन इसे बहुत संवेदनशील मानते हुए गंभीरता से जांच कर रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
फिलहाल अपराधियों की पहचान और हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।