Ranchi News: राजधानी के पंडरा इलाके में शनिवार रात हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर बनाई गई विशेष टीम ने छापेमारी कर इस मामले के मुख्य आरोपी सहित कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में संजय पांडे (मुख्य आरोपी), बबलू, रवि, अज्जू साह और उनका एक अन्य साथी शामिल है. सभी आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा.
दो गिरोहों के बीच हुई थी खूनी भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, पंडरा क्षेत्र के मान्या टावर के पास शनिवार रात संदीप गिरोह और संजय गिरोह के बीच वर्चस्व को लेकर जोरदार झड़प हुई थी. इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कई राउंड फायरिंग की. गोलीबारी में आकाश, विकास और रवि यादव नामक तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
जमीन सौदे के पैसों को लेकर हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों गुटों के बीच विवादित जमीन की बिक्री से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था. यही विवाद शनिवार रात हिंसक रूप ले बैठा और गोलियां चलने लगीं.
जमीन कब्जा इनका मुख्य धंधा
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय है और जमीन कब्जा करने व विवादित संपत्तियों की खरीद-बिक्री करना इनका मुख्य काम रहा है. पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर और आसपास के इलाकों में घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम सबूत जुटाए हैं.
इस मामले में जमीन से जुड़े करीब एक दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान और भी खुलासे हो सकते हैं.