Railway Updates: साधारण यात्रियों के लिए शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस में रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है. अब इस ट्रेन में आरएसी की व्यवस्था नहीं होगी, जिससे यात्रियों को आधी सीट पर सफर नहीं करना पड़ेगा. इसके साथ ही बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों और बुजुर्गों को स्लीपर कोच में लोअर बर्थ देने की सुविधा भी लागू की गई है. रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है.
अब पूरी सीट पर होगा सफर
नई व्यवस्था के तहत अमृत भारत एक्सप्रेस में आरएसी टिकट जारी नहीं किए जाएंगे. इसका मतलब यह है कि यात्री पूरा किराया देकर पूरी सीट पर यात्रा कर सकेंगे. पहले की तरह आधी सीट पर बैठकर सफर करने की बाध्यता नहीं रहेगी.
बच्चों के साथ यात्रा पर लोअर बर्थ की सुविधा
स्लीपर कोच में बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को उपलब्धता के आधार पर लोअर बर्थ दी जाएगी. इसके लिए बच्चों के नाम पर अलग से बर्थ बुक कराना अनिवार्य नहीं होगा. इसके अलावा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुष यात्रियों और 45 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को भी लोअर बर्थ स्वतः आवंटित की जाएगी.
रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश
इस नई व्यवस्था को लेकर रेलवे बोर्ड के निदेशक यात्री विपणन समन्वय प्रवीण कुमार की ओर से आदेश जारी किया गया है. आदेश के अनुसार अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है.
न्यूनतम दूरी के अनुसार देना होगा किराया
अमृत भारत एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी में यात्रा के लिए न्यूनतम 200 किलोमीटर का किराया देना अनिवार्य होगा. वहीं जनरल श्रेणी में न्यूनतम 50 किलोमीटर का किराया लिया जाएगा. इसके अलावा आरक्षण शुल्क और सुपरफास्ट शुल्क अलग से देना होगा. रेलवे द्वारा राउंडिंग ऑफ किराया भी वसूला जाएगा.
सीमित कोटे की सुविधा
स्लीपर श्रेणी में लेडीज कोटा, दिव्यांग कोटा और सीनियर सिटीजन कोटा लागू रहेगा. इसके अलावा किसी अन्य प्रकार का आरक्षण कोटा मान्य नहीं होगा. अनारक्षित श्रेणी में मौजूदा नियमों के अनुसार ही कोटे की व्यवस्था रहेगी.
डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता
आरक्षित टिकट रद्द करने पर रिफंड प्रक्रिया के लिए डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता दी जाएगी. काउंटर से बुक किए गए टिकट के लिए भी डिजिटल माध्यम से भुगतान को बढ़ावा दिया जाएगा. हालांकि डिजिटल भुगतान में असमर्थ यात्रियों को मौजूदा नियमों के अनुसार नकद राशि लौटाई जाएगी.
बदलाव यात्रियों की सुविधा और सम्मानजनक
अमृत भारत एक्सप्रेस में किए गए ये बदलाव यात्रियों की सुविधा और सम्मानजनक यात्रा अनुभव को ध्यान में रखकर किए गए हैं. आरएसी खत्म होने से जहां भीड़ और असुविधा कम होगी, वहीं बच्चों और बुजुर्गों को लोअर बर्थ मिलने से सफर अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनेगा. रेलवे की यह पहल आम यात्रियों के भरोसे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा सकती है.