Jamshedpur: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने आज झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से औपचारिक मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्य, विशेषकर जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था और हाल की गंभीर आपराधिक घटनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
कैरव गांधी की सकुशल वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता
कुणाल षाड़ंगी ने जमशेदपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी देवांग गांधी के पुत्र, युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने डीजीपी को बताया कि इस घटना से व्यवसायिक जगत और स्थानीय नागरिकों में भारी चिंता का माहौल है। उन्होंने आग्रह किया कि झारखंड पुलिस अपनी पूरी ताकत और संसाधनों का उपयोग करते हुए कैरव गांधी की सकुशल घरवापसी जल्द से जल्द सुनिश्चित करे।
तारापदो महतो हत्याकांड में न्याय की अपील
मुलाकात के दौरान षाड़ंगी ने गालूडीह के पुतड़ू गाँव निवासी तारापदो महतो की निर्मम हत्या का मामला भी रखा। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी अभियुक्तों को चिन्हित कर उनकी अविलंब गिरफ्तारी की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
DGP ने दिया ठोस आश्वासन
DGP तदाशा मिश्रा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए बताया कि पुलिस प्रशासन इन दोनों मामलों को लेकर अत्यंत गंभीर है। उन्होंने साझा किया कि, तकनीकी जांच, कैरव गांधी मामले में पुलिस सभी तकनीकी बिंदुओं और डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस के विभिन्न विभाग और स्पेशल टीमें हर स्तर पर कड़ी निगरानी रख रही हैं।
हत्याकांड पर कार्रवाई
प्रगति, जांच सही दिशा में है और उन्होंने विश्वास जताया कि कैरव गांधी जल्द ही अपने परिवार के साथ होंगे। तारापदो महतो मामले में जिला पुलिस पूरी तत्परता से काम कर रही है और अपराधी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। इस मुलाकात ने उम्मीद जगाई है कि पुलिस की सक्रियता से इन मामलों का पटाक्षेप जल्द होगा।