Jharkahand News: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर कड़ा प्रहार किया है. उन्होंने कहा कि गरीबों की बद्दुआ में बहुत ताकत होती है और किसी मां बाप की संतान को मारकर कोई भी व्यक्ति सुखी नहीं रह सकता. उनके अनुसार सत्ता का दुरुपयोग चाहे जितना छिपाया जाए, उसका परिणाम देर से ही सही लेकिन सामने जरूर आता है.
सत्ता का खुला दुरुपयोग हुआ
डॉ अंसारी ने कहा कि रघुवर दास के कार्यकाल में सत्ता का खुला दुरुपयोग हुआ और इसकी कीमत बेगुनाह लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में इंसानियत को कुचला गया और जिन लोगों को सजा मिलनी चाहिए थी, उन्हें बचाने का प्रयास किया गया. हत्यारों को सजा देने के बजाय सम्मानित किया गया, जो न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
विधानसभा से जनता तक उठाई आवाज
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में भी स्पष्ट शब्दों में कहा था कि गरीबों को मारकर कोई खुश नहीं रह सकता. ऐसे लोग अंत में बर्बाद होते हैं. उनके अनुसार आज जनता खुद देख रही है कि गरीबों की बद्दुआ किस तरह असर दिखाती है.
जनता के भरोसे आगे भी संघर्ष का दावा
डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता की आवाज उठाई है और आगे भी हर मंच पर उठाते रहेंगे. इसके लिए उन्हें जनता के भरोसे और समर्थन की जरूरत है, ताकि भाजपा की हर साजिश का मजबूती से जवाब दिया जा सके.
सरकारी फैसलों का किया जिक्र
स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य सरकार के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड में 15 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू की गई है. इससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है और अब कोई भी व्यक्ति बेहतर इलाज से वंचित नहीं रहेगा. उन्होंने कहा कि यह फैसला सत्ता के लिए नहीं बल्कि जनता की जरूरत को समझकर लिया गया है.
भाजपा पर 20 साल की नाकामी का आरोप
डॉ अंसारी ने कहा कि भाजपा ने 20 साल तक सत्ता में रहते हुए भी गरीबों के हित में ईमानदारी से काम नहीं किया. अब जब सरकार जनता के पक्ष में फैसले ले रही है तो भाजपा बेचैन है. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय और सोशल मीडिया पर रोज उनका नाम लिया जा रहा है, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता.