Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और झारखंड के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेजेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान झारखंड और स्वीडन के बीच व्यापारिक सहयोग को आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. दोनों पक्षों ने आर्थिक और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने की संभावनाओं पर विचार साझा किया.
झारखंड को निवेश गंतव्य बनाने का प्रस्ताव
सेसिलिया ओल्डने ने कहा कि स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल झारखंड के साथ व्यापारिक रिश्ते मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है. उन्होंने बताया कि भारत में फिलहाल 50 से अधिक स्वीडिश कंपनियां सक्रिय हैं और आने वाले समय में झारखंड इन कंपनियों के लिए एक अहम निवेश केंद्र बन सकता है.
अप्रैल में विशेष राउंडटेबल बैठक पर सहमति
बैठक में दावोस में हुई बातचीत और मुख्यमंत्री के पिछले वर्ष के स्वीडन दौरे के दौरान वोल्वो सहित अन्य स्वीडिश कंपनियों से हुई चर्चाओं के निष्कर्षों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी. इसी क्रम में आगामी अप्रैल माह में एक विशेष राउंडटेबल बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया. इसमें अर्बन मोबिलिटी और शहरी परिवहन के वित्तपोषण जैसे विषयों पर भी मंथन होगा.
ई-साइकिल पर फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने का आग्रह
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि झारखंड सरकार हर वर्ष बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराती है ताकि उनकी शिक्षा में कोई बाधा न आए. उन्होंने स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल से राज्य में साइकिल उपयोग और स्कूल बच्चों के लिए ई-साइकिल की संभावनाओं पर एक फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने का आग्रह किया, जिससे इसके प्रभावी क्रियान्वयन का आकलन किया जा सके.
ब्लूमबर्ग एशिया पैसिफिक के साथ संवाद
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान मुख्यमंत्री ने ब्लूमबर्ग एशिया पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन से विस्तृत बातचीत की. इस दौरान उन्होंने दावोस में झारखंड की सहभागिता के उद्देश्य, राज्य की प्राथमिकताएं और अगले 25 वर्षों के लिए विकास के दीर्घकालिक विजन को साझा किया.
यह एक युवा झारखंड है: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अब केवल खनिज आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है. राज्य ग्रीन इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, क्रिटिकल मिनरल्स, स्वच्छ ऊर्जा, मानव संसाधन विकास और समावेशी आर्थिक वृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि यह एक युवा झारखंड है, जो पहली बार दावोस जैसे वैश्विक मंच पर अपनी क्षमताओं और संभावनाओं के साथ उपस्थित हुआ है.
25 वर्षों के विकास मॉडल पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अगले 25 वर्षों के लिए संतुलित, टिकाऊ और रोजगार केंद्रित विकास मॉडल पर काम कर रही है. इस प्रक्रिया में वैश्विक निवेश, तकनीक का हस्तांतरण और संस्थागत साझेदारियां अहम भूमिका निभाएंगी.
अक्टूबर में ग्लोबल स्पेशल राउंडटेबल का न्योता
ब्लूमबर्ग एशिया पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन ने मुख्यमंत्री को भारत में आगामी अक्टूबर में आयोजित होने वाले ग्लोबल स्पेशल राउंडटेबल कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया. इस कार्यक्रम में फॉर्च्यून 500 कंपनियों के प्रमुख, वैश्विक उद्योग नेता और नीति निर्धारक शामिल होंगे.
ब्लूमबर्ग एशिया पैसिफिक की वैश्विक पहचान
ब्लूमबर्ग एशिया पैसिफिक, ब्लूमबर्ग मीडिया के वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा है. यह प्लेटफॉर्म एशिया पैसिफिक क्षेत्र में व्यापार, वित्त और बाजार से जुड़ी जानकारियां टीवी, डिजिटल, प्रिंट और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से उपलब्ध कराता है.
झारखंड के लिए वैश्विक निवेश के नए रास्ते खुलेंगी
दावोस में हुई ये मुलाकातें झारखंड के लिए वैश्विक निवेश और साझेदारी के नए रास्ते खोलने वाली हैं. स्वीडन और ब्लूमबर्ग जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों के साथ संवाद से राज्य की विकास प्राथमिकताओं को वैश्विक पहचान मिलती दिख रही है. आने वाले समय में इन प्रयासों का असर निवेश, तकनीक और रोजगार के अवसरों के रूप में सामने आ सकता है.