Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन उपायुक्त के समक्ष रखे. उपायुक्त ने सभी मामलों की क्रमवार और गंभीरता से सुनवाई की.
जनता दरबार में अंचल और नगर से जुड़े मामले आए सामने
जनता दरबार के दौरान अंचल कार्यालय इचागढ़ में लंबित उत्तराधिकार म्यूटेशन का मामला, सिनी थाना क्षेत्र के राकाकोचा में सीमेंट का पोल और तार लगाकर सड़क अवरुद्ध किए जाने की शिकायत, सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के गुट्टूसाई तालाब के ऊपर से गुजर रहे 33 हजार वोल्ट के विद्युत तार को गार्डवाल या जाल के माध्यम से सुरक्षित कराने का आवेदन सामने आया.
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में अधिग्रहीत भूमि का लंबित मुआवजा भुगतान, सरायकेला मुड़िया मौजा में सीमांकन से जुड़ा मामला और गैरज चौक निवासी गुलु मोदक के आवासीय भवन का दो माह का 4 लाख 96 हजार रुपये का बिजली बिल मिलने की शिकायत भी जनता दरबार में रखी गई.
समय सीमा में समाधान के दिए गए निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित विभागों, अंचल और नगर निकाय स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी मामलों की विधिसम्मत, त्वरित और निष्पक्ष जांच करते हुए तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण जरूरी है, वहां तुरंत निरीक्षण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि आम लोगों को जल्द राहत मिल सके.