Jharkhand News: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) झारखंड में संविदा आधार पर 298 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में बड़ी अनियमितता सामने आई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक पदाधिकारी ने मानव संसाधन और नर्सिंग कोषांग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है.
जारी आदेश के अनुसार विज्ञापन संख्या 1/2025 के तहत वरीय अस्पताल प्रबंधक, अस्पताल प्रबंधक, वित्तीय प्रबंधक और आईटी एग्जीक्यूटिव के कुल 298 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे. अस्पताल प्रबंधक पद के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच (स्क्रूटनी) संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई थी और उसकी सूची वेबसाइट पर अपलोड की गई.
सभी योग्यताएं पूरी करने के बावजूद नॉट शॉर्टलिस्टेड श्रेणी
इसके बाद कई अभ्यर्थियों ने शिकायत दर्ज कराई कि विज्ञापन में तय सभी योग्यताएं पूरी करने के बावजूद उन्हें “नॉट शॉर्टलिस्टेड” श्रेणी में डाल दिया गया है. शिकायतों के आधार पर गठित जांच समिति ने मामले की पड़ताल की.
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि 29 अभ्यर्थियों को गलत तरीके से नॉट शॉर्टलिस्टेड किया गया था, जबकि वे सभी आवश्यक अर्हताएं पूरी करते थे. वहीं दूसरी ओर, जिन अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया, उनमें से तीन ऐसे पाए गए जो निर्धारित योग्यता नहीं रखते थे, फिर भी उन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया गया.
कार्य में गंभीर लापरवाही, अधिकारियों से स्पष्ट जवाब
इसे कार्य में गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रशासनिक पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्ट जवाब मांगा है. उनसे यह बताने को कहा गया है कि योग्य अभ्यर्थियों को नॉट शॉर्टलिस्टेड क्यों किया गया और यह गलती किन परिस्थितियों में हुई.
पत्र में साफ कहा गया है कि यदि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.