Jamshedpur: जमशेदपुर स्थित टाटा टिन प्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी समिति की बैठक यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत दिवंगत साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
इसके पश्चात यूनियन के आय–व्यय विवरण एवं सावधि जमा खातों की जानकारी कार्यकारिणी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया। बैठक में कर्मचारियों और उनके परिवारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जल्द समाधान की मांग
कार्यकारिणी सदस्यों ने कंपनी के विभिन्न विभागों में व्याप्त मैनपावर की कमी पर गंभीर चिंता जताते हुए जल्द समाधान की मांग की। सदस्यों ने कहा कि टाटा स्टील लिमिटेड के टिन प्लेट डिवीजन के अंतर्गत कर्मचारी पुत्रों की सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। विशेष रूप से सीआरएम-3 में तत्काल भर्ती की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कर्मचारियों की मांग
बैठक में 10 नंबर बस्ती में रह रहे कर्मचारियों को कंपनी क्वार्टर उपलब्ध कराने, टाटा स्टील लिमिटेड की तर्ज पर टिन प्लेट डिवीजन में ग्रेड रिवीजन लागू करने तथा डीए पॉइंट रेट ₹4 प्रति पॉइंट निर्धारित करने की मांग रखी गई। साथ ही एनएस-9 से एनएस-12 तक के ग्रेड में वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव भी सामने आया।
मजदूरों का बकाया वेतन रुका
कार्यकारिणी ने यह भी आरोप लगाया कि ग्रेड रिवीजन में देरी के कारण मजदूरों का बकाया वेतन रुका हुआ है, जिसे एडवांस एरियर एवं ब्याज सहित भुगतान किया जाना चाहिए। कर्मचारियों को कैंटीन सुविधा और नियमित अवकाश न मिलने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।
सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग
टिन प्लेट टाउनशिप में पहले की तरह मुफ्त दवा छिड़काव और सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई। सदस्यों ने कहा कि इन सेवाओं के लिए जुस्को द्वारा शुल्क लिया जाना अनुचित है। इसके अलावा कंपनी परिसर के अंदर टू-व्हीलर पार्किंग की सुविधा टाटा स्टील की तर्ज पर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
कर्मचारियों के बच्चों को रोजगार
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड के माध्यम से भर्ती के बजाय टिन प्लेट डिवीजन में टाटा स्टील लिमिटेड के अंतर्गत कर्मचारियों के बच्चों को रोजगार दिया जाना चाहिए। टिन प्लेट अस्पताल में कैंटीन सुविधा बहाल करने तथा अस्पताल एवं सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों को शीघ्र यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
पानी की टंकी की उचित व्यवस्था करने की मांग
नए आवंटित कंपनी क्वार्टरों की खराब मेंटेनेंस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए प्रबंधन से इसे सुधारने और पानी की टंकी की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई।
बैठक में उपस्थित लोग
इस बैठक में यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, उपाध्यक्ष परविंदर सिंह सोहल, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साईं बाबू राजू, वाइस प्रेसिडेंट वकील खान व जगजीत सिंह, सहायक सचिव संजय कुमार, अमृत कुमार झा, निरंजन महापात्र, विनय कुमार साहू, कोषाध्यक्ष संग्राम किशोर दास, सह-कोषाध्यक्ष सूर्यभूषण शर्मा सहित कार्यकारिणी के अनेक सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।