Saraikela: कांड्रा थाना अंतर्गत पिंड्राबेड़ा मोड़ पर गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी, जिसमें एक स्कोडा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला और एक पुरुष की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं।
कैसे हुई दुर्घटना जानें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कोडा कार (संख्या JH 10 CK 0705) तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान अचानक सामने से एक बाइक आ जाने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ते ही कार सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद करने लगे।
दुर्घटना की वजह
वाहन चालक शहवाज ने बताया कि वह अपने दो परिचितों के साथ किसी जरूरी काम से मुड़िया गया हुआ था। काम निपटाने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी पिंड्राबेड़ा मोड़ के पास अचानक यह दुर्घटना हो गई। उन्होंने बताया कि सामने से अचानक बाइक आने के कारण बचाव के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और पलट गई।
पुलिस मौके पर पहुंची
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जबकि चालक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
दुर्घटना से यातायात हुई बाधित
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।