Palamu: सोशल मीडिया पर वायरल होने की इच्छा से नियम-कानून की अनदेखी करना एक युवक-युवती को भारी पड़ गया। गाड़ी के बोनट पर बैठकर हथियार लहराते हुए बनाया गया वीडियो जब सामने आया, तो झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया। वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने पलामू जिले के उपायुक्त को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया और पूरे मामले की रिपोर्ट शीघ्र सौंपने को कहा।
आखिर आज के युवाओं को हो क्या गया है?
मंत्री दीपक बिरुआ ने सिर्फ निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि युवाओं के इस व्यवहार पर गहरी नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने तीखे शब्दों में सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर आज के युवाओं को हो क्या गया है? न उन्हें कानून का भय है और न ही सामाजिक नियमों की कोई परवाह। मंत्री ने विशेष रूप से वीडियो में शामिल युवती को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि उसे अपने संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में जरूर सोचना चाहिए।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब एक युवक ने ट्विटर पर यह वीडियो पोस्ट किया। ट्वीट में उसने लिखा कि हाथ में हथियार लेकर गाड़ी के बोनट पर बैठकर वीडियो बनाया जा रहा है और यह वाहन पलामू जिले का बताया जा रहा है। उसने ऐसे रील क्रिएटर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जो खुलेआम कानून और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उसी ट्वीट पर मंत्री दीपक बिरुआ की नजर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए प्रशासन को कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए।
मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन
आज के दौर में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की होड़ युवाओं को किस दिशा में ले जा रही है, शायद उन्हें खुद भी इसका अंदाजा नहीं है। गाड़ी के बोनट पर बैठकर हथियार लहराना न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यह सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी एक गंभीर खतरा है। इस तरह के वीडियो समाज में गलत संदेश फैलाते हैं और अन्य युवाओं को भी गलत रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रशासन मामले की जांच में जुटी
प्रशासन अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गया है और उम्मीद की जा रही है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी कानून तोड़कर सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने की हिम्मत न कर सके।