Bokaro: बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आमतल काशीझरिया स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल परिसर में बीती रात एक सुनियोजित और सनसनीखेज आगजनी की घटना सामने आई है। देर रात करीब 10:30 बजे के बाद असामाजिक तत्वों ने स्कूल परिसर में खड़ी तीन स्कूल बसों और एक टाटा मैजिक को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
80 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख
घटना के समय स्कूल के स्टाफ, कर्मी और चौकीदार अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। चौकीदार के अनुसार, देर रात कुछ संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। जब उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो परिसर में आग की लपटें उठती नजर आईं। हालात और भी डरावने तब हो गए जब उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन पाया कि कमरे को बाहर से बंद कर दिया गया था। शोर मचाने पर हॉस्टल में रह रहे बच्चों ने किसी तरह दरवाजा खोला।
CCTV कैमरों की तारें काट दी गई
स्कूल निदेशक गोपाल कृष्ण पांडेय ने भी अपने कमरे को बाहर से लॉक किए जाने की बात कही। उनका आरोप है कि आगजनी से पहले CCTV कैमरों की तारें काट दी गई थीं, ताकि कोई साक्ष्य न बचे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
गंभीरता से जांच कर रही
चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि स्कूल के ही किसी व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया है। क्योंकि किसी भी सामान की चोरी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।