Jamshedpur: जमशेदपुर में शुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में मां सरस्वती की पूजा की धूम देखने को मिली। इसी क्रम में बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी परिसर में छात्राओं द्वारा भव्य सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया, जहां सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा।
पूरे विश्वविद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। ज्ञान, बुद्धि और कला की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर हजारों की संख्या में छात्राएं पारंपरिक परिधान, विशेषकर पीली और सफेद साड़ियों में सजी-धजी नजर आईं। छात्राओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ मां सरस्वती की आराधना की और अपने उज्ज्वल भविष्य व सफलता की कामना की।
पूजा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और आरती से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। परिसर में हर ओर भक्ति और आस्था की झलक देखने को मिली। विश्वविद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भी पूजा में शामिल होकर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
पूजा संपन्न होने के बाद छात्राओं के बीच खुशी और उमंग का माहौल देखने को मिला। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें डीजे पर हिंदी, रीमिक्स और भोजपुरी गीत बजाए गए। छात्राएं संगीत की धुन पर झूमती और नाचती नजर आईं। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और बसंत पंचमी के इस पावन पर्व को यादगार बना दिया।