Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-27

Jharkhand Crime News: सिमडेगा में लापता दो युवकों की हत्या का पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार व अन्य की तलाश जारी

Jharkhand: सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र से दो युवकों के लापता होने की खबर ने इलाके में चिंता माहौल पैदा कर दिया था। लेकिन अब पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के सहयोग से जंगल से दोनों लापता युवकों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं।

गंभीर मामले की जांच शुरू 
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने इस गंभीर मामले की जांच शुरू की थी। एसपी खोटरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के मतरामेटा निवासी कलीम खान (25 वर्ष) और मोहम्मद नईम मियां उर्फ मानु (30 वर्ष) 12 जनवरी को अपने एक दोस्त के साथ बाजार जाने के बहाने घर से निकले थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे। जिसके बाद इसकी शिकायत उनकी पत्नी और बहन शाहिना परवीन ने थाना में दर्ज कराई।


मृतकों के दोस्तों से की पूछताछ 
पुलिस ने ठेठईटांगर थाना में शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूत्रों और ठोस सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतकों के दोस्तों रौशन मिंज और सूरज बेहरा से पूछताछ की।

आरोपियों ने स्वीकार किया जुर्म 
शुरुआती पूछताछ में ही आरोपियों ने स्वीकार कर लिया कि पिछले कुछ समय से चल रही दुश्मनी के चलते उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर कलीम और नईम की हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि शवों को टेम्पो में रखकर छुरिया टोंगरी जंगल में फेंक दिया गया था।

हत्या में इस्तेमाल समान बरामद 
पुलिस ने अभियुक्तों के निशानदेही पर जंगल से दोनों शव बरामद कर लिए। इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए खून से सने लोहे का रॉड, हॉकी स्टिक, कपड़े, मृतकों के टूटे हुए मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और शवों को ले जाने के लिए इस्तेमाल टेम्पो भी जब्त कर लिए गए। पुलिस ने अभियुक्तों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।


हत्या की वजह आपसी रंजिश 
एसपी ने बताया कि इस हत्या के पीछे मुख्य कारण आपसी रंजिश थी। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले मृतकों ने रौशन मिंज की यामाहा एफजेड बाइक को जबरन लेने का प्रयास किया था। इसके अलावा लगभग तीन महीने पहले मृतकों ने रौशन मिंज के छोटे भाई दीपक पर झूठा हथियार चोरी का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना भी की थी। इसके अलावा रौशन के अन्य भाई रितेश को भी लगातार धमकाया और डराया जा रहा था।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौशन मिंज (28 वर्ष), पिता किशोर मिंज, निवासी चुमकी चढ़रीतर, पंचायत दुमकी और सूरज बेहरा (20 वर्ष), पिता भानू बेहरा, निवासी भवनाडीपा कालोटोली के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दो अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।


इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, पुलिस निरीक्षक भिखारी राम, ठेठईटांगर थाना प्रभारी रमेश कुमार झा और थाना की सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसपी की स्थानीय लोगों से अपील
एसपी खोटरे ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि मामले की जांच में सहयोग दें और अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस का उद्देश्य दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाना है।









WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !