इस देशव्यापी हड़ताल का व्यापक असर जमशेदपुर में भी देखने को मिला। शहर के सभी सरकारी बैंक पूरे दिन बंद रहे, जिससे ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। केनरा बैंक सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने हड़ताल में सक्रिय भागीदारी निभाई।
बिष्टुपुर टी टावर स्थित केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय (आरओ ऑफिस) के समक्ष केनरा बैंक के कर्मचारी, क्लर्क यूनियन एवं अधिकारी यूनियन के सदस्य बड़ी संख्या में एकत्र हुए और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
इस दौरान ट्रेड यूनियन के प्रेसिडेंट पंकज सिंह एवं जमशेदपुर जिला यूनियन के प्रेसिडेंट इकबाल लतीफ ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया और पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली को लागू नहीं किया गया, तो भविष्य में एक बार फिर देशव्यापी स्तर पर लंबी हड़ताल की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली हड़ताल एक दिवसीय नहीं, बल्कि अनिश्चितकालीन हो सकती है।
एकदिवसीय हड़ताल में ऑफिसर यूनियन के जिला अध्यक्ष इकबाल लतीफ, जिला सचिव राकेश मिश्रा, पंकज सिंह, मनोज मिश्रा, मुकेश झा, संजीव सिंह सहित विभिन्न अंचलों के कई बैंक पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहीं, जिससे लेन-देन, चेक क्लियरेंस और अन्य जरूरी कार्य बाधित रहे।