Jamshedpur: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धतकीडीह इलाके में मंगलवार की देर शाम चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ अपराधियों ने एक ही शाम अलग-अलग स्थानों पर स्थित दो बंद घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अहम दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हुई इन घटनाओं से पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
चोर ने सुनसान घर का उठाया फायदा
पहली चोरी की घटना धतकीडीह बीएच एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक आवास की है। बताया जा रहा है कि घर के मालिक अरशद हुसैन अपने परिवार के साथ इलाज के लिए डॉक्टर के पास गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए।
लगभग लगभग पांच लाख रुपये मूल्य हुई चोरी
घर के भीतर अलमारी और सामान को पूरी तरह खंगालने के बाद चोर लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, करीब 25 हजार रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। देर शाम जब परिवार वापस लौटा तो टूटा हुआ ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए, जिसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई।
दूसरी जगह से कई सोने की अंगूठियां भी चुराई
दूसरी घटना धतकीडीह बीएच रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर नंबर-80 की है, जहां चोरों ने एक और बंद घर को निशाना बनाया। पीड़ित नदीम खान उस समय ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। घर पूरी तरह खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने यहां भी ताला तोड़ा और अंदर रखे करीब 25 हजार रुपये नकद, लगभग 300 ग्राम चांदी के जेवरात और कई सोने की अंगूठियां चुरा लीं।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
एक ही शाम में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग काफी डरे हुए हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।