Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-28

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम में संदिग्ध हालात में मिला दंतैल हाथी का शव, एक दांत गायब, अवैध शिकार की आशंका

Chaibasa: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाल के दिनों में हाथियों के हमलों से हो रही लगातार मौतों के बीच एक और गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र के अंतर्गत सागरकट्टा रेमरा जंगल स्थित बाईहातू गांव के पास एक जंगली दंतैल हाथी का शव संदिग्ध हालात में बरामद किया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

संदिग्ध हालत में मिला हाथी का शव 
ग्रामीणों के अनुसार, गांव से सटे जंगल क्षेत्र में हाथी का शव पड़े होने की जानकारी सबसे पहले कुछ ग्रामीणों को मिली। जब लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने हाथी के शरीर पर गहरे जख्म के निशान देखे। इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हाथी का एक दांत गायब था। इससे यह आशंका और भी गहरी हो गई है कि कहीं हाथी की मौत अवैध शिकार या हाथीदांत की तस्करी से तो नहीं जुड़ी है।

हाथी की मौत के कारणों की जांच जारी 
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया और विभागीय टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मामले की पुष्टि करते हुए पश्चिमी सिंहभूम के डीएफओ आदित्य नारायण ने बताया कि दंतैल हाथी की मौत के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या फिर इसके पीछे किसी तरह की आपराधिक गतिविधि शामिल है।

 संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे 
हाथी की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तस्करों द्वारा हाथी का दांत काटकर ले जाने की पूरी संभावना है। वहीं, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए टोन्टो और जेटिया थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

लोगों की आशंका 
इधर, इलाके में इस बात को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं कि कहीं यह वही "कुख्यात हत्यारा हाथी" तो नहीं, जिसने बीते दिनों जिले में कई गांवों में उत्पात मचाते हुए करीब 22 लोगों की जान ले ली थी। हालांकि, वन विभाग और पुलिस फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

वन विभाग व पुलिस जांच में जुटी हुई 
फिलहाल वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि यह मामला प्राकृतिक मौत का है या फिर हाथी शिकार और हाथीदांत तस्करी से जुड़ा हुआ कोई संगठित अपराध।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !