Ranchi: राजधानी रांची के खेलगांव थाना अंतर्गत दीपाटोली स्थित मिलिट्री स्टेशन के करियप्पा एन्क्लेव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां अज्ञात हमलावरों ने भारतीय सेना की एक महिला मेजर के सरकारी आवास में घुसकर न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनके चार माह के मासूम बच्चे को जबरन छीनकर बाहर फेंक दिया। इस हमले में महिला अधिकारी और उनका शिशु दोनों घायल हो गए।
खेलगांव ओपी में प्राथमिकी दर्ज
पीड़ित महिला अधिकारी के पति की शिकायत पर खेलगांव ओपी में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी की कोशिश त्वरित कर दी गई है।
बाहर से किसी ने “मैम” कहकर लगाई आवाज
पीड़ित अधिकारी मेजर अविलेष भारती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि यह घटना 23 जनवरी की शाम करीब सात बजे की है। उनकी पत्नी मेजर रीना यादव रोज की तरह अपने चार माह के बच्चे के साथ शाम की सैर के बाद घर लौटी थीं। कुछ देर बाद जब वह घर के भीतर थीं, तभी बाहर से किसी ने “मैम” कहकर आवाज लगाई।
चार माह के बच्चे को फेंका बाहर
दरवाजा खोलते ही दो अज्ञात व्यक्ति अचानक जबरन घर के अंदर घुस आए। एक हमलावर ने पीछे से महिला अधिकारी को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उनकी गोद से मासूम बच्चे को छीनकर बाहर की ओर फेंक दिया। इसके बाद हमलावर महिला अधिकारी को घसीटते हुए ड्राइंग रूम तक ले गए, लाइट बंद कर दी और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।
महिला मेजर ने दिखाया साहस
हालांकि, कठिन हालात में भी महिला मेजर ने साहस दिखाया और खुद को किसी तरह हमलावरों के चंगुल से छुड़ाकर घर से बाहर निकल आई। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
महिला अधिकारी के कटे होंठ
हमले में महिला अधिकारी के होंठ गंभीर रूप से कट गए, वहीं शिशु के सिर में सूजन आ गई। दोनों को तत्काल सैन्य पॉलिक्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। बच्चे की हालत को देखते हुए 24 जनवरी को एफआईआर दर्ज नहीं कराई जा सकी, जिसके बाद 25 जनवरी को लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
घटना सैन्य क्षेत्र के भीतर घटित होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है।