Ranchi: राजधानी के धुर्वा इलाके में स्थित हटिया डैम से बुधवार को एक युवती का शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। डैम के पानी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों की नजर पड़ी शव पर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण जब रोज़मर्रा के काम से डैम की ओर गए, तभी उनकी नजर पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। पहले तो लोग घबरा गए, लेकिन स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत इसकी सूचना धुर्वा थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शव को डैम के पानी से बाहर निकाला गया। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह काफी समय से पानी में रहा हो सकता है।
घटनास्थल से एक बैग भी बरामद
पुलिस को घटनास्थल से एक बैग भी बरामद हुआ, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें युवती का आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के अनुसार मृतका की पहचान रिया कुमारी के रूप में हुई है। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
पुलिस हर पहलु से कर रही जांच
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या कर शव को डैम में फेंका गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ मृतका के परिजनों से भी संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही खुलासा हो सकेगा।