Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख दिखाया है. गुरुवार को राजनगर थाना क्षेत्र के दो गांवों में एक साथ छापेमारी कर बड़े पैमाने पर महुआ शराब के अवैध कारोबार को निशाना बनाया गया. कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
उपायुक्त के निर्देश पर चला विशेष अभियान
यह अभियान जिला उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर चलाया गया. पूरी कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक झितिज विजय मिंज ने किया. टीम ने मुराकाटी और जोजोगोडा गांव को चिन्हित कर वहां सक्रिय अवैध शराब अड्डों पर दबिश दी.
शराब और जावा महुआ किया गया नष्ट
छापेमारी के दौरान कुल 80 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया. इसके साथ ही लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नियमानुसार विनष्ट कर दिया गया ताकि दोबारा उसका उपयोग न हो सके.
अड्डा संचालक पर दर्ज हुआ केस
कार्रवाई के दौरान अड्डा संचालक मौके से फरार पाया गया. उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है. पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है.
लगातार जारी रहेगा अभियान
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ इस तरह के प्रवर्तन अभियान लगातार चलाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा.
यह कार्रवाई प्रशासन के उस प्रयास को दर्शाती है जिसमें ग्रामीण इलाकों में फैले अवैध शराब नेटवर्क पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है. ऐसी सख्ती से न केवल कानून व्यवस्था मजबूत होती है बल्कि सामाजिक नुकसान को भी कम किया जा सकता है.