Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-30

Jharkhand News: JPSC सिविल सेवा भर्ती-2025 में 103 पद, 31 जनवरी से शुरू होंगे आवेदन

Jharkhand News: झारखंड में प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है. झारखंड लोक सेवा आयोग ने संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की अधिसूचना जारी कर दी है. इसके तहत कुल 9 सेवाओं में 103 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. सबसे अधिक 28 उप-समाहर्ता और 42 पुलिस उपाधीक्षक के पद शामिल हैं.

31 जनवरी से 14 फरवरी तक भर सकेंगे आवेदन
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी से शुरू होगी और 14 फरवरी शाम पांच बजे तक चलेगी. परीक्षा शुल्क का भुगतान 16 फरवरी शाम पांच बजे तक किया जा सकेगा. आयोग ने पहले ही प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की संभावित तिथियां भी घोषित कर दी हैं.

मार्च में प्रारंभिक परीक्षा, मई में मुख्य परीक्षा
जेपीएससी के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा 8 मार्च को होगी. इसमें सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे, जो 2 से 4 मई तक आयोजित की जाएगी. इसके बाद 16 से 19 जून के बीच साक्षात्कार की संभावित तिथि तय की गई है. अंतिम चयन मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा.

आयु और प्रयास की कोई सीमा नहीं
अभ्यर्थियों की न्यूनतम और अधिकतम आयु की गणना 1 अगस्त 2026 से की जाएगी. इस सिविल सेवा परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रयास की कोई सीमा नहीं रखी गई है. कोई भी अभ्यर्थी निर्धारित आयु सीमा के भीतर रहते हुए कितनी भी बार परीक्षा में शामिल हो सकता है.

मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू से बनेगी मेधा सूची
प्रारंभिक परीक्षा के बाद कुल रिक्तियों के 15 गुना अभ्यर्थियों का चयन मुख्य परीक्षा के लिए किया जाएगा. मुख्य परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा. अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34 प्रतिशत और पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5 प्रतिशत अंक तय किए गए हैं. साक्षात्कार 100 अंकों का होगा और इसमें न्यूनतम अंक की बाध्यता नहीं होगी. अंतिम मेधा सूची मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों के योग से बनेगी.

चार सेवाओं में सीमित पद
कुछ सेवाओं में बहुत कम पद रखे गए हैं. जिला समादेष्टा के लिए केवल 2 पद हैं. प्रोबेशन पदाधिकारी के लिए 4 पद निर्धारित हैं. सहायक निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 3 पद और सहायक निबंधक कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के लिए 2 पद शामिल हैं.

आरक्षण और श्रेणीवार स्थिति
इस भर्ती में आदिम जनजाति और खिलाड़ियों के लिए क्षैतिज आरक्षण का कोई पद नहीं रखा गया है. महिलाओं के लिए दो पद आरक्षित हैं, जिनमें एक उप समाहर्ता और एक पुलिस उपाधीक्षक का पद शामिल है. दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए कुल सात पद आरक्षित किए गए हैं.

अन्य प्रमुख सेवाओं में पद
उप समाहर्ता के 28 पद, पुलिस उपाधीक्षक के 42 पद, सहायक नगर आयुक्त या कार्यपालक पदाधिकारी के 10 पद और सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के 10 पद शामिल हैं. इन पदों में आरक्षण श्रेणी के अनुसार अनारक्षित, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए स्थान तय किए गए हैं.

डीएसपी और जिला समादेष्टा के लिए कड़े स्वास्थ्य मानक
पुलिस उपाधीक्षक और जिला समादेष्टा पद के लिए चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ होना अनिवार्य होगा. हड्डियों और जोड़ों का कोई रोग नहीं होना चाहिए. मानसिक विकृति, मिर्गी, हृदय या रक्त वाहिकाओं से जुड़ी बीमारी नहीं होनी चाहिए. अभ्यर्थी एचआईवी संक्रमित न हो और कलर या नाइट ब्लाइंडनेस से पीड़ित न हो. श्रवण क्षमता सामान्य होनी चाहिए और ईसीजी तथा ईईजी रिपोर्ट भी सामान्य सीमा में होनी चाहिए.

लंबाई और सीने की न्यूनतम माप तय
अनारक्षित, पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेमी. तथा अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति वर्ग के पुरुषों के लिए 162 सेमी. तय की गई है. महिलाओं के लिए अनारक्षित, पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग में न्यूनतम लंबाई 155 सेमी. और अनुसूचित जनजाति तथा अनुसूचित जाति वर्ग में 152. सेमी निर्धारित है. पुरुष उम्मीदवारों के लिए सीने की न्यूनतम माप भी श्रेणी के अनुसार तय की गई है.

जेपीएससी की यह भर्ती राज्य के युवाओं के लिए प्रशासनिक सेवा में प्रवेश का बड़ा मौका है. पदों की संख्या सीमित होने के बावजूद प्रतियोगिता काफी कड़ी रहने की संभावना है. तीन चरणों में होने वाली परीक्षा प्रक्रिया यह साफ करती है कि चयन पूरी तरह मेरिट आधारित रहेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को समय पर आवेदन कर पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होना होगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !