Jamshedpur: जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में आज जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से साकची स्थित ऐतिहासिक नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान मैदान) को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई।
अवैध अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा
ज्ञापन में बताया गया कि नेताजी सुभाष मैदान के चारों ओर लंबे समय से अवैध अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण यह ऐतिहासिक स्थल असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। मैदान के एक हिस्से में पुराने वाहनों का कबाड़ डंप किया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर कारों एवं सैकड़ों बसों की अवैध पार्किंग से क्षेत्र में गंदगी और अव्यवस्था फैली हुई है। इसके अलावा मैदान के चारों ओर लगे लोहे के कई गेट भी असामाजिक तत्वों द्वारा काट दिए गए हैं।
कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा पूर्व में टाटा स्टील प्रबंधन एवं जिला प्रशासन को पत्र लिखकर नेताजी सुभाष मैदान की बदहाल स्थिति पर ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है तथा इसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति से जुड़े स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की गई है। इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
जदयू नेताओं ने उपायुक्त से किया आग्रह
जदयू नेताओं ने उपायुक्त से आग्रह किया कि नेताजी सुभाष मैदान को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और उसका सौंदर्यीकरण कर इसे शहरवासियों के लिए उपयोगी बनाया जाए, ताकि लोग नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृतियों से जुड़ सकें।
इस अवसर पर जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महासचिव वीर सिंह देवगम, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह सहित आकाश शाह, हेमंत पाठक, दुर्गा राव, राजेश प्रसाद, विजय सिंह, बबलू कुमार समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।