Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-30

Giridih News: गिरिडीह में महिला की जलाकर हत्या, अधजला शव बरामद, आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी

Giridih: गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेको पश्चिमी पंचायत से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला को जलाकर उसकी हत्या कर दी गई। महिला का अधजला शव बेको पश्चिमी पंचायत के बंगाली पुल के समीप सुनसान इलाके में पड़ा हुआ मिला। शव के चारों ओर राख और जले हुए अवशेष मौजूद थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या उसी स्थान पर आग लगाकर की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना पाकर बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मौके से जुटाए जा रहे अहम सुराग
पुलिस के अनुसार, महिला का शव आंशिक रूप से जला हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि की जा सके। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिल रहे हैं कि हत्या की घटना को घटनास्थल पर ही अंजाम दिया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

अब तक नहीं हो पाई शव की पहचान
थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों और थानों में सूचना भेज दी गई है, ताकि किसी गुमशुदा महिला की रिपोर्ट से शव की पहचान की जा सके। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

आसपास के गांवों में किसी महिला के लापता होने की सूचना नहीं
घटनास्थल पर पहुंचे चौधरीबांध पंचायत के मुखिया संजय यादव ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अभी तक क्षेत्र के किसी भी गांव से किसी महिला या युवती के लापता होने की जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है।

पुलिस का कहना है कि जिस स्थान पर शव बरामद हुआ है, वह इलाका काफी सुनसान है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गए। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !