Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-30

Jamshedpur Breaking : सेलेब्रिटी विज्ञापन के सहारे निवेश ठगी का खुलासा, 8 से 17 लाख रुपये तक की धोखाधड़ी का आरोप, मैक्सिजोन टच कंपनी व बॉलीवुड-भोजपुरी सितारों पर केस

Jamshedpur : जमशेदपुर में निवेश के नाम पर ठगी और आपराधिक साजिश का एक गंभीर मामला सामने आया है। चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर साकची थाना में मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों और कई नामी फिल्मी कलाकारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई दो अलग-अलग शिकायतों के आधार पर हुई है, जिनमें निवेशकों से कुल करीब 25 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है।


पहला मामला बर्मामाइंस निवासी जस्पाल सिंह से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021-22 के दौरान कंपनी के निदेशकों और जमशेदपुर हेड सूर्यनारायण पात्रो ने 15 प्रतिशत मासिक रिटर्न का लालच देकर उनसे 8 लाख रुपये निवेश कराए। कंपनी के प्रचार-प्रसार में बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा के चर्चित कलाकारों-गोविंदा, शक्ति कपूर, राजा मुराद, चंकी पांडेय और भोजपुरी अभिनेता सह सांसद मनोज तिवारी-के विज्ञापन दिखाए गए, जिससे भरोसा कर उन्होंने अलग-अलग तिथियों में बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से रकम जमा की। आरोप है कि न तो कोई रिटर्न मिला और न ही मूल राशि वापस की गई। पैसे मांगने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।


दूसरा मामला टेल्को कॉलोनी निवासी कुलदीप सिंह का है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कंपनी और उसके निदेशकों ने उनसे 17 लाख रुपये की ठगी की। शिकायत के मुताबिक, सूर्यनारायण पात्रो ने पहले संपर्क कर निवेश का प्रस्ताव दिया और साकची स्थित कार्यालय में निदेशकों से मुलाकात कराई। वहां सेलेब्रिटी प्रचार का हवाला देकर भरोसा दिलाया गया। वर्ष 2021 में अलग-अलग तिथियों पर बैंक के माध्यम से रकम जमा कराई गई, लेकिन तय समय पर रिटर्न नहीं मिला। बाद में आरोपी संपर्क से बचने लगे। दबाव बनाने पर मारपीट और धमकी देने का भी आरोप है।

दोनों पीड़ितों ने पहले स्थानीय थाना और एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर साकची थाना में मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशक चंद्र भूषण सिंह, प्रियंका सिंह, सूर्यनारायण पात्रो और उपरोक्त फिल्मी कलाकारों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !