Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर आजाद नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में भारी लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया को जारी पत्र में राय ने लिखा है कि मानगो के आजाद नगर क्षेत्र में सफाई के लिए नियुक्त ठेकेदार बबुआ झा एवं उनके सहकर्मी जानबूझकर सफाई कार्य ठीक से नहीं कर रहे हैं। निर्धारित संख्या से कहीं कम मजदूरों को काम पर लगाकर निगम की निधि का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासी बदबूदार गंदगी में रहने को मजबूर हैं।
सरयू राय ने बताया कि एक माह पूर्व उन्होंने मानगो नगर निगम के सुपरवाइजरों की मौजूदगी में सफाई कार्य का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान जहां 50 सफाईकर्मियों
की तैनाती होनी चाहिए थी, वहां मात्र 15 मज़दूर पाए गए थे। इस पर उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी, बावजूद इसके ठेकेदार के खिलाफ अब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि आज के एक अखबार में प्रकाशित तस्वीरें यह दर्शाती हैं कि ठेकेदार का रवैया अब भी वही है और सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में ठेकेदार बबुआ झा एवं उनकी फर्म को काली सूची में डाला जाना चाहिए।
पत्र में श्री राय ने यह भी उल्लेख किया है कि बबुआ झा पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के करीबी हैं और उनके संरक्षण में काम कर रहे हैं। वहीं कदमा क्षेत्र में गंदगी की तस्वीरों को लेकर उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कदमा के सफाई ठेकेदार उनके जदयू में शामिल होने से छह वर्ष पहले से ही झारखंड जदयू के प्रदेश महामंत्री हैं।
सरयू राय ने लिखा कि जब उक्त ठेकेदार को उनके विधानसभा क्षेत्र में सफ़ाई का काम मिला था, तब उन्होंने साफ तौर पर चेताया था कि काम में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई होगी और जदयू नेता होने के कारण किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।
पत्र में यह भी उल्लेख है कि पूर्व में बन्ना गुप्ता के विधायक व मंत्री रहने के दौरान उनके आवास पर जुस्को द्वारा प्रतिदिन 30 मजदूर आवंटित किए जाते थे, जिन्हें बाद में हटा लिया गया। इन सभी तथ्यों के आलोक में राय ने ठेकेदार के विरुद्ध अविलंब सख्त कार्रवाई की मांग की है।