Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-03

Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय का डीसी ने किया औचक निरीक्षण, स्वच्छता, सुरक्षा और चुनाव तैयारियों को लेकर दिए सख्त निर्देश

Seraikela News: सरायकेला-खरसावां के जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को समाहरणालय भवन के विभिन्न कार्यालयों का अचानक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने नगर पालिका (आम) चुनाव-2026 से जुड़े विभिन्न कोषांगों के कार्यों के साथ-साथ रोजमर्रा के कार्यालयी कामकाज की भी समीक्षा की.


अधिकारियों को निर्देश, कार्यालयों में नियमित सफाई सुनिश्चित 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों में साफ - सफाई, रजिस्टर और दस्तावेजों के रख - रखाव, रोशनी और पंखों की व्यवस्था, खिड़कियों और पर्दों की स्थिति समेत संपूर्ण कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही बेकार पड़े कचरे को हटाने, डस्टबिन की व्यवस्था करने, टूटी खिड़कियों की मरम्मत कराने, पर्दों को व्यवस्थित रखने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा. इसके अलावा पंजियों और अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने का भी निर्देश दिया गया.

उपायुक्त ने समाहरणालय भवन को अधिक आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए स्थानीय छऊ कला पर आधारित पेंटिंग कराने का भी निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय सभागार, परिसर में स्थित शौचालयों और भवन की छत का भी निरीक्षण किया. उन्होंने सभी स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने, जरूरी मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने और भवन की संरचनात्मक मजबूती पर लगातार निगरानी रखने को कहा.

बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश 
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उपायुक्त ने सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त रोशनी और पंखों की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही कर्मचारियों और आने वाले लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान सामान्य शाखा, विधि शाखा, निर्वाचन शाखा, स्थापना शाखा, भू-अर्जन कार्यालय, जिला कल्याण शाखा, जिला समाज कल्याण शाखा, रिकॉर्ड रूम, कोषागार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला योजना शाखा, शिक्षा विभाग, सांख्यिकी विभाग, परिवहन विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, निबंधन कार्यालय, विशेष प्रमंडल, नजरात और आपूर्ति शाखा तथा जल छाजन समेत कई अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया गया.

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को कार्यालय अनुशासन बनाए रखने, स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, चुनाव से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने और नियमित कार्यों में गुणवत्ता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

इस दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !